उत्तराखंडदेहरादून

आय से अधिक संपत्ति के मामले में घिरे मेयर गामा, कांग्रेस के आरोपों पर दी सफाई

देहरादून: मेयर बनने के बाद सुनील उनियाल गामा की संपत्ति में कई गुना वृद्धि होने के खुलासे के बाद गामा घिरते जा रहे हैं। आरटीआई एक्टिविस्ट ने मेयर गामा की संपत्ति के कई गुना बढ़ जाने की बात कही है। आज मेयर सुनील उनियाल गामा ने इस मामले में सफाई दी है। सुनील उनियाल गामा ने कहा कि उन्होंने 18 साल की उम्र में अपना काम शुरू कर दिया था। एक पान की दुकान से सफर शुरू हुआ। पान की दुकान के साथ-साथ चाऊमीन की दुकान लगाई। चाऊमीन की दुकान पर कूपन से सामान दिया करते थे। उसके बाद हमने धीरे-धीरे अन्य काम के साथ 2009 में प्रॉपर्टी का काम किया। 2012 तक कुछ संपत्तियां खरीदी। संपत्ति लेने के बाद साल 2018 में जो चुनाव में संपत्ति दिखाई थी वह करीब 2 से ढाई करोड़ की थी।

गामा के अनुसार आज उनकी मार्केट वैल्यू बढ़ गई है। उनमें से कुछ संपत्तियों को बेचा जा चुका है। जो सम्पत्ति बेची गई थी उनको बेचकर अन्य संपत्ति खरीदी गई हैं। अगर संपत्ति का रेट बढ़ रहा है तो सभी का बढ़ रहा है। संपत्ति का रेट इसलिए बढ़ रहा है क्योंकि सरकार विकास कार्य कर रही है। साथ ही महंत देवेंद्र से लीज पर ली गई प्रॉपर्टी पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा 2012 में महंत को आवेदन किया गया था। उसके बाद महंत ने वह दुकान लीज पर दी। साथ ही नगर निगम की ओर से लगातार महंत देवेंद्र को टैक्स को लेकर नोटिस जा रहे हैं।

मेयर सुनील उनियाल गामा पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों पर कांग्रेस ने सरकार से सवाल किया है कि क्या वह मेयर पर लगे आरोपों के खिलाफ जांच बैठाएगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि जिस प्रकार से मेयर की संपत्ति पिछले चार साल में तेजी से बढ़ी है, वह आश्चर्य की बात है। पिछले दो-तीन दिन से मेयर सुनील उनियाल गामा के प्रपत्र धूम रहे हैं।इसमें मेयर की संपत्ति से संबंधित ब्योरा दिया गया है। कहा कि आश्चर्य की बात है कि पिछले चार साल में मेयर की संपत्ति में 10 गुना बढ़ोतरी हो गई है। जबकि भाजपा इस मामले पर मौन है। करन माहरा ने जांच पूरी होने तक सुनील उनियाल गामा का इस्तीफा लेने की भी मांग की है। माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *