उत्तराखंड

उत्तराखंड में 495 कांस्टेबल को तोहफा, हेड कांस्टेबल पद पर प्रमोशन..DGP ने दी बधाई

Uttarakhand Police: उत्तराखंड में पुलिसकर्मियों के लिए प्रमोशन से जुड़ी बड़ी खुशखबरी मंगलवार 28 मार्च को पुलिस मुख्यालय की तरफ से आई। उत्तराखंड पुलिस के 495 कांस्टेबल को पदोन्नति का तोहफा मिला है। 454 पुरुष और 51 महिला कांस्टेबल को हेड कांस्टेबल पद पर प्रोन्नत कर दिया गया है। इससे पहले बीते नवंबर में 1249 हेड कांस्टेबल को भी अपर उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया था। पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सभी पदोन्नत कर्मियों को शुभकामनाएं दीं और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में भरसक सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में समय-समय पर कार्मिकों को योग्यता के आधार पर पदोन्नति की जा रही हैं। साथ ही नए पदों का भी सृजन किया जा रहा है।

बता दें कि पुलिस मुख्यालय की तरफ से करीब 511 पुलिसकर्मियों के प्रमोशन को लेकर प्रक्रिया काफी समय से अपनाई गई थी, जिसमें से 495 पुलिसकर्मियों के प्रमोशन किए गए हैं। उधर दूसरी तरफ पुलिसकर्मियों की नई नियुक्ति के बाद राज्य को बड़ी संख्या में कॉन्स्टेबल मिलने जा रहे हैं। इस तरह खाली पड़े पदों को भी भरा जा सकेगा। कुछ माह पूर्व ही पुलिस जवानों की ग्रेड-पे की समस्या का समाधान करते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपर उपनिरीक्षक का नया पद सृजित करते हुए 1750 पद स्वीकृत किए थे। इसके बाद विभागीय चयन समिति ने पात्र 1249 हेड कांस्टेबल को पदोन्नति का तोहफा दिया। इसके बाद खाली हुए हेड कांस्टेबल के पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू की गई। पात्र पाए जाने पर 495 कांस्टेबल को पदोन्नत कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *