मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू को मिला 6 महीने का सेवा विस्तार, मुख्यमंत्री धामी के विश्वास पात्र
उत्तराखंड के मुख्य सचिव एसएस संधू का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। एसएस संधू को 6 माह का सेवा विस्तार मिला है। वह इसी महीने रिटायर होने वाले थे। राज्य के मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू को केंद्र से आगामी 6 महीने के लिए सेवा विस्तार मिल गया है। सेवा विस्तार मिलने से प्रदेश की तमाम योजनाओं पर भी इसका सीधा असर दिखाई देगा। बता दें कि मुख्य सचिव इसी महीने 31 जुलाई को रिटायर्ड हो रहे थे और पिछले लंबे समय से इस बात को लेकर चर्चा तेज थी कि उनको सेवा विस्तार दिया जा सकता है। हालांकि इस पर सस्पेंस बरकरार था और इन सभी आशंकाओं को विराम देते हुए आखिरकार केंद्र की तरफ से मुख्य सचिव को अगले 6 महीने के लिए सेवा विस्तार से जुड़ा आदेश जारी हो गया है। मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।
मुख्य सचिव एसएस संधू को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विश्वास पात्र माना जाता है। प्रधानमंत्री कार्यालय उनके सेवा विस्तार के पक्ष में था। डॉ संधु प्रधानमंत्री की गुड बुक में हैं। राज्य में तमाम योजनाओं को लेकर मुख्य सचिव बेहद गंभीर दिखाई देते हैं। साथ ही राज्य के वित्त हालातों को बेहतर करने के साथ केंद्रीय योजनाओं और इन्वेस्टमेंट प्रदेश में लाने के लिए भी उनकी तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य में विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के गतिमान होने के बीच मुख्य सचिव के कार्यकाल के विस्तार की आशंका व्यक्त की जा रही थी और इसे इन योजनाओं के लिए जरूरी भी माना जा रहा था। लिहाजा केंद्र की तरफ से मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू को अगले 6 महीने के लिए सेवा विस्तार दे दिया गया है। इस तरह अब मुख्य सचिव के तौर पर वो 2024 जनवरी तक काम करते रहेंगे।