उत्तराखंडराजनीति

मुख्यमंत्री धामी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा-देश से मांगनी चाहिए माफी

Uttarakhand Politics News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए बयान पर देश की सियासत में घमासान मचा हुआ है। बीजेपी राहुल गांधी के बयान को देश को शर्मसार करने वाला बता रही है और माफी मांगने की मांग कर रही है। वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी राहुल गांधी के बयान की निंदा की है। कहा कि राहुल गांधी ने विदेशी भूमि से भारतीय लोकतंत्र का मजाक उड़ाया है और जिसके लिए उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राहुल गांधी ने विदेश की धरती में भारत के लोकतंत्र की खिल्लियां उड़ाई हैं, वह उनकी हताशा को दर्शाता है। राहुल गांधी ने उस देश में जाकर ये बात कही, जिस देश ने हमें सालों तक गुलाम बनाकर रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को यह बोलने का हक नहीं है। उनके पूर्वजों ने जिस तरह से लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई थी और हजारों व्यक्तियों को जेल में डाला था। उसका इतिहास गवाह है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज पूरा विश्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोहा मान रहा है। देश बड़ी शक्ति के रूप में सामने आ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था बेहद तेजी से बढ़ रही है। भारत का मान व सम्मान बढ़ रहा है। भारत की बातें गंभीरता से पूरा विश्व सुन रहा है। वहीं राहुल गांधी विदेश की धरती पर जाकर भारत के लोकतंत्र की खिल्ली उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है। विदेशी ताकतों और कुछ व्यक्तियों के कहने से यह हिल नहीं सकता। राहुल को इस बयान के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *