उत्तराखंडराजनीति

उत्तराखंड: भाजपा नेताओं ने किया तिरंगे का अपमान, विपक्ष ने कानूनी कार्रवाई की उठाई मांग

Uttarakhand Poltics News: भाजपा नेताओं पर राष्ट्रध्वज का अनादर करने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने दावा किया है कि 24 फरवरी को भाजपा नेताओं ने उसके राज्य कार्यालय में फूलों से बने तिरंगे को पैरों तले रौंदा गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय देहरादून में ‘‘बूथ सशक्तिकरण अभियान’’ की कार्यशाला के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा किये गये तिरंगे के अपमान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेता सत्ता के मद में इतने चूर हो गये हैं कि अब वे उस तिरंगे का अपमान करने से भी नहीं चूक रहे हैं जिसे देश की आन, बान और शान माना जाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्य सभा सांसद कल्पना सैनी एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार को सार्वजनिक रूप से इस कृत्य के लिए देश एवं प्रदेश की जनता से क्षमा मांगनी चाहिए। भाजपा नेताओं पर हमला बोलते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष करण महरा ने कहा कि एक ओर एक फिल्म में भगवा वस्त्र पहनने पर पूरे देश में वैमनस्यता का माहौल बनाने का प्रयास किया जाता है वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेता खुले आम देश की पहचान फूलों से बने तिरंगे को पैरों तले रौंद कर अपनी तुच्छ मानसिकता का परिचय दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्य द्वार पर फूलों से बने तिरंगे की प्रतीकात्मक छवि को पैरों तले रौंदने वाले भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद और उनके वरिष्ठ पदाधिकारी है, इन तस्वीरों से भाजपा का छद्म राष्ट्रवाद और तिरंगे के प्रति सम्मान का दोहरा चरित्र उजागर होता है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश चमोली ने कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रवाद का झूठा चोला ओढ़ कर रखा है जो धीरे-धीरे सबके सामने भाजपा की पोल खोल रहा है। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा किये गये इस कृत के लिए पूरे देश से क्षमा मांगने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *