Dehradun: यमुना नदी में डूबने से 18 साल के युवक की मौत, SDRF ने शव किया बरामद
देहरादून डाकपत्थर चौकी क्षेत्र के कटापत्थर के पास यमुना नदी में दोस्तों के साथ नहाने गए एक नौ साल के बच्चे की मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद एसडीआरएफ टीम ने युवक का शव नदी से बरामद किया। जिसे एसडीआरएफ के जवानों ने पुलिस को सौंप दिया है। बताया जा रहा कि युवक अपने दोस्तों के साथ यमुना नदी में नहाने गया था। जहां उसके साथ हादसा हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विकासनगर कोतवाली एसएसआई भुवन चंद पुजारी ने बताया कि मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला युवक आशियान अपने भाई और दोस्तों के साथ छुट्टी मनाने के लिए सेलाकुई से विकासनगर क्षेत्र में घूमने आया था।
इसी कड़ी में वो कटापत्थर पहुंच गए। जहां वे नहाने के लिए यमुना नदी में उतर गए। इसी बीच आशियान गहरे पानी में डूबने लगा। जिसे देख उसके साथ मौजूद लोगों के होश फाख्ता हो गए। हालांकि, उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वो डूब गया। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। जहां एसडीआरएफ टीम के आरक्षी आशिक अली और अन्य जवानों ने यमुना नदी में सर्च एंड रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी तलाशी के बाद एसडीआरएफ की टीम ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है।