उत्तराखंड में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, बिजली-तूफान को लेकर येलो अलर्ट
उत्तराखंड में गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। दरअसल पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तराखंड का मौसम करवट बदल सकता है। मौसम का मिजाज बदलने से गर्मी की मार झेल रहे लोगों को राहत मिल सकती है। कुछ जिलों में आज तेज अंधड़ और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में आज कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी देखी जा सकती है। वहीं शेष जिलों का मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम बदलने से कई क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार मौसम विभाग ने जताएं हैं। इधर मौसम विभाग ने 10 और 11 अप्रैल को प्रदेश के कई स्थानों में हेल लाइटिंग और तेज हवाओं के बीच वर्षा होने की संभावनाएं भी जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से भी आंधी चल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 सेल्सियस दर्ज किया गया।