उत्तराखंडदेहरादून

हल्द्वानी में बनेगा उत्तराखंड का खेल विश्वविद्यालय, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की बैठक

देहरादून: उत्तराखंड में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जानी है। इसको लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ ही बैठक की। बैठक में सीएम धामी ने निर्देश दिए कि खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए अवस्थापना सुविधाओं के विकास, खेल और आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियों के लिए इस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों से सुझाव लिए जाएं। साथ ही कहा कि विशेषज्ञों के सुझाव के आधार पर ही खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए आगे की कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय बनने से राज्य के युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विश्वविद्यालय के लिए अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ ही खेल एवं आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियों के लिए इस क्षेत्र के विषय विशेषज्ञों के सुझाव लिए जाएं। इन सुझावों के आधार पर खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जाए। राज्य में युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। लिहाजा राज्य में युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसलिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। साल 2024 में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना है, जिसमें नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही सीएम धामी ने कहा कि राज्य में खेल विश्वविद्यालय बनने से युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा अवसर भी मिलेगा।

खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि हल्द्वानी में इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को शामिल कर इसके आस-पास भूमि चिन्हित की जाएगी। बताया कि करीब 100 एकड़ में खेल विश्वविद्यालय बनेगा, जिसके लिए जिलाधिकारी को हल्द्वानी स्थित स्टेडियम के आस-पास ही जमीन तलाशने को कहा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ ही उनका शैक्षिक व खेल का स्तर बेहतर बनाने में मदद मिलेगा। ये खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *