श्रीनगर में पहली महिला मेयर ने संभाला कार्यभार, आरती भंडारी समेत 40 पार्षदों ने ली शपथ
नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद शुक्रवार को प्रदेश भर के सभी नगर निगमों में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजित किया गया। इसी क्रम में श्रीनगर नगर निगम परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। श्रीनगर गढ़वाल में शपथ ग्रहण समारोह रामलीला ग्राउंड में आयोजित किया गया। इस मौके पर मेयर को अपर जिलाधिकारी पौड़ी अनिल कुमार गबर्याल तथा पार्षदों को मेयर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मेयर आरती भंडारी ने तीलू रौतेली, हेमवती नंदन बहुगुणा, पंथ्या दादा, माधो सिंह भंडारी, मोलाराम तोमर, बैरिस्टर मुकुंदीलाल, भोलादत्त काला, इंद्रमणी बडोनी और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जैसी महान विभूतियों को नमन किया व उनके चित्रों को अलग शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर विशेष स्थान दिया।
उन्होंने मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को विश्वास दिलाया की नगर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। आरती भंडारी ने श्रीनगर शहर को स्वच्छ बनाये रखने के अपने वादे को दोहराया. इसके साथ ही आरती भंडारी ने अपने घोषणा पत्र में किये गये वादों को एक बार फिर से दोहराया। निर्वाचित मेयर आरती भंडारी ने कहा श्रीनगर शहर में पूर्व में रुके विकासकार्यों को रफ्तार दी जाएगी। बता दें पहली बार श्रीनगर नगर निगम में चुनाव हुये। श्रीनगर मेयर पद पर निर्दलीय प्रत्याशी आरती भंडारी ने 1,639 से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है। आरती भंडारी को कुल 7,959 वोट मिले। उन्होंने भाजपा की आशा उपाध्याय को हराया। आशा उपाध्याय को 6,320 वोट मिले।