केदारनाथ धाम में उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब, अब तक 4 लाख कर चुके दर्शन
चारधाम यात्रा 2025 में इस बार श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। हर दिन करीब 60 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर रहे हैं। 20 मई को 66 हजार 348 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की। सबसे ज्यादा केदारनाथ और यमुनोत्री में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 30 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अभी तक 10 लाख 91 हजार 406 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। केदारनाथ यात्रा चरम पर पहुंच गई है।, प्रतिदिन 24 हजार से अधिक यात्री बाबा केदार के दर्शन को पहुंच रहे हैं। पैदल मार्ग पर यात्रियों का हुजूम प्रतिदिन लगा हुआ है। वहीं प्रशासन भी यात्रा को लेकर पूरी तरह सतर्कता बरत रहा है।
गत 2 मई को भगवान केदारनाथ धाम के कपाट खुलने बाद 19 दिन में दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या चार लाख पार हो गई है। केदारनाथ धाम दर्शनों को आने वाले यात्रियों की संख्या अधिकतम 20 मई से लेकर 15 जून तक ही पूरे यात्रा सीजन में रहती है। यमुनोत्री धाम में 30 अप्रैल से अभी तक मां यमुना के दर्शन 2 लाख 5 हजार 88 श्रद्धालु कर चुके हैं। गंगोत्री में अभी तक 1 लाख 86 हजार 388 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। केदारनाथ में अभी तक 4 लाख 29 हजार 868 श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ के कपाट 4 मई को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ हेतु खोले गए। भगवान बदरी-विशाल में अभी तक कुल 2 लाख 74 हजार 562 श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं।